गुरुग्राम | भोंडसी थाना क्षेत्र के घामडोज बस स्टैंड के पास जंगल में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवती का शव पेड़ से लटका मिला। स्थानीय व्यक्ति ने सुबह शौच के लिए जंगल में जाते हुए शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि युवती का शव पेड़ से लटका हुआ था। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ जबकि पर्स पास में ही जमीन पर पड़ा मिला।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, युवती के पर्स से कोई दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस ने मोबाइल फोन को तकनीकी जांच के लिए लैब भेज दिया है और आसपास के थानों में लापता युवतियों की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
भोंडसी थाना प्रभारी ने बताया, “फिलहाल मामला संदिग्ध है। युवती की पहचान और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।” पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह।