केरल | केरल के अलप्पुझा जिले में निर्माणाधीन अरूर-थुरावूर एलिवेटेड हाईवे पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान एक कंक्रीट गर्डर अचानक गिर गया, जो नीचे से गुजर रही एक पिकअप वैन पर आ गिरा। इस हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और निर्माण कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई। फिलहाल, भारी मशीनों की मदद से गिरे हुए गर्डरों को हटाने का काम जारी है।
मृतक की पहचान व जांच की दिशा
मृतक की पहचान राजेश (47) निवासी हरिप्पद, अलप्पुझा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना निर्माण कंपनी की सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुई। बताया जा रहा है कि गर्डर को खंभों पर रखते समय सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण उपायों का पालन नहीं किया गया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 105 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
अरूर पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में निर्माण कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही साफ तौर पर सामने आई है।
लापरवाही पर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी पर सवाल खड़ा करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय सड़क पर कोई चेतावनी संकेत या ट्रैफिक अवरोध नहीं लगाया गया था। प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने तक निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोकने के आदेश दिए हैं।