हरियाणा | राजस्थान के अलवर जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने हरियाणा पुलिस के जवान के परिवार और साथियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अरावली विहार थाना क्षेत्र के समोला चौक पर देर रात हुए इस हादसे में हरियाणा के नूंह जिले में तैनात पुलिस कांस्टेबल रामकिशोर की मौत हो गई। वह तिजारा के सरेटा गांव के रहने वाले थे और अलवर में अपने परिचित की शादी में शामिल होने आए थे।
एएसआई शंकर लाल के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि समोला चौक पर एक पिकअप वाहन और बाइक की जोरदार टक्कर हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल रामकिशोर को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है, जबकि सहकर्मियों में भी गहरा शोक व्याप्त है।
फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।