जुलाना | हरियाणा सरकार और प्रशासन की लगातार अपीलों व जागरूकता अभियानों के बावजूद जुलाना क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। संकेत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुलाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 10 किसानों के खिलाफ पराली जलाने पर FIR दर्ज की है और उन पर भारी जुर्माना भी लगाया है।
जुलाना थाना प्रभारी विक्रम जोशन ने बताया कि प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा किसानों को बार-बार समझाया जा रहा है कि धान की पराली जलाना पर्यावरण के लिए हानिकारक है और कानूनन अपराध भी। इसके बावजूद कुछ किसान नियमों की अनदेखी कर पराली जला रहे हैं, जिस पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में पराली जलाने की किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों को वैकल्पिक प्रबंधों, मशीनरी और सरकारी स्कीमों का लाभ लेने की अपील की गई है ताकि प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सके और खेतों की उर्वरता को संरक्षण मिल सके।
प्रशासन ने कहा है कि पराली जलाना किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का पालन न करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।