रूपनगर पंजाब में लॉटरी के खेल ने एक और व्यक्ति की किस्मत चमका दी है। शहर में रहने वाले एक व्यक्ति ने सात रुपये कीमत वाले दो सौ लॉटरी टिकट खरीदे थे और हैरानी की बात यह रही कि सभी टिकटों पर इनाम निकल आया। कुल इनामी राशि बीस लाख रुपये बनी, जिसे लॉटरी स्टॉल संचालक की ओर से विजेता को सौंप दिया गया है। विजेता ने अपना नाम और चेहरा उजागर करने से मना कर दिया है, लेकिन स्टॉल के कर्मचारियों ने पुष्टि की है कि भुगतान प्रक्रिया पूरी कर दी गई है।
राधा लॉटरी स्टॉल रूपनगर के मालिक गौरव धवन ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में शहर में लॉटरी के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले भी एक अन्य व्यक्ति ने एक साथ सौ टिकट खरीदे थे, जिन पर प्रति टिकट दस हजार रुपये का इनाम निकला था। इस घटना के बाद से शहर में लॉटरी टिकटों की बिक्री और तेज हो गई है और रोज कोई न कोई बड़ी रकम जीत रहा है।
धवन के अनुसार इन लगातार जीतों ने लोगों में उम्मीद की नई लहर पैदा की है। कई लोग अब छोटे राशियों के टिकट खरीदकर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनका कहना है कि हाल के दिनों में छोटे शहरों में लॉटरी एक बड़ा आकर्षण बनकर उभरी है और इसकी वजह रातों रात बड़ा इनाम मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि स्टॉल पर रोज सैकड़ों टिकट बेचे जा रहे हैं और हर उम्र के लोग इसमें हाथ आजमा रहे हैं।
रूपनगर में इस हालिया जीत ने एक बार फिर साबित किया है कि किस्मत कब और किस पर मेहरबान हो जाए, यह कहा नहीं जा सकता। सात रुपये की छोटी रकम से शुरू हुई यह कहानी बीस लाख रुपये के बड़े इनाम पर जाकर खत्म हुई, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है।