गन्नौर | गन्नौर के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में स्थित फैक्ट्री नंबर 203 में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में कपड़ा बनाने का काम होता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धुएं और तेज लपटें देखते ही कर्मचारी तुरंत बाहर निकल गए और फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी।
आग की चपेट में कुछ ही मिनटों में मशीनरी और माल आ गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। पानी का लगातार छिड़काव और फैक्ट्री के अंदर तक पहुंचकर बुझाने के प्रयासों से आग पूरी तरह नियंत्रित की जा सकी।
फैक्ट्री मालिक उत्कर्ष जैन को प्रारंभिक अनुमान के अनुसार काफी आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन अभी नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित रखा और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी प्रकार का जनहानि नहीं हुई।