Una, Rakesh-:ऊना जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले में रात के समय खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। उपायुक्त जतिन लाल ने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि अब शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी तरह की खनन गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। इस अवधि में खनन से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाएगी।
जतिन लाल ने बताया कि वैध खनन लीजधारकों को सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक ही खनन कार्य की अनुमति होगी, जबकि खनन सामग्री की ढुलाई सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही की जा सकेगी।पत्रकारवार्ता में पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव और जिला खनन अधिकारी भी मौजूद रहे।
वैध ढुलाई के लिए विशेष कॉरिडोर निर्धारित
डीसी ने बताया कि खनन सामग्री की ढुलाई के लिए प्रशासन ने विशेष कॉरिडोर चिन्हित किए हैं, जिन पर निगरानी के लिए चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
- ऊना–नंगल (वाया मैहतपुर)
- टाहलीवाल–गढ़शंकर (भंगला रोड वाया बाथड़ी)
- दुलैहड़–गढ़शंकर (वाया गोंदपुर जयचंद)
- जननी–माहलपुर (वाया जननी खड्ड)
- घालूवाल–होशियारपुर (वाया पंडोगा)
- गगरेट–होशियारपुर (वाया आशा देवी बैरियर)
- वीरभद्र चौक–नंगल (वाया सैजोवाल बैरियर)
- अजौली–पंजाब मार्ग
- दौलतपुर–तलवाड़ा (वाया मरबाड़ी)
उन्होंने कहा कि इन निर्धारित मार्गों के अलावा किसी अन्य रूट से ढुलाई पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भारी चालान, मशीनरी जब्ती और लाइसेंस निलंबन जैसे कदमों के बावजूद अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए अब और कड़ा रुख अपनाया गया है।
शराब ठेकों के समय निर्धारण
जिले में शराब ठेकों और अहातों के संचालन समय को भी सख्ती से तय किया गया है।
- सभी ठेके रात 10 बजे तक ही शराब बेच सकेंगे।
- सभी अहाते रात 10 बजे से पहले पूरी तरह बंद किए जाएंगे।
- अनरजिस्टर्ड अहातों को तत्काल बंद करने और पंजीकरण पूरा होने तक संचालन न करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित
जिले की निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है। 7–8 पुलिस कर्मियों से लैस यह टीम दिन-रात हाईवे और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग करेगी और किसी भी अवैध गतिविधि या उपद्रव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।