चंडीगढ़ | ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ पर राजपत्रित अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया है। मंत्री विज ने कहा कि गुरु साहिब का बलिदान मानवता और धर्म की रक्षा का प्रतीक है और 25 नवंबर को लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पर्व में शामिल होना चाहते हैं।
पत्र में विज ने लिखा कि गुरु साहिब की शहादत धार्मिक, ऐतिहासिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए, 25 नवंबर को राजपत्रित अवकाश घोषित करना उचित होगा। गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म, मानवाधिकार और सत्य की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिन्हें “हिंद की चादर” के नाम से जाना जाता है।
इस अवसर पर गुरुद्वारों में विशाल संगतें एकत्रित होती हैं और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। वैकल्पिक अवकाश पर्याप्त नहीं माना जा रहा क्योंकि लाखों श्रद्धालु और सरकारी कर्मचारी इस पर्व में पूर्ण रूप से भाग लेना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र आएंगे और गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित भव्य समागम और अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे। पीएम महाभारत अनुभव केंद्र का उद्घाटन करेंगे और पांचजन्य महोत्सव में भाग लेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा और तैयारियों को कड़ी निगरानी में रखा है। यह कदम गुरु तेग बहादुर जी की अमूल्य शिक्षाओं और उनके बलिदान का सम्मान करने के लिए किया गया है।