सोलन। बहुचर्चित कसौली दुष्कर्म केस में शनिवार को महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। इस दौरान पुलिस ने पीड़िता की ओर से क्लोजर रिपोर्ट पर की गई आपत्तियों का विस्तृत जवाब कोर्ट में पेश किया। अब मामले की अगली तारीख 19 दिसंबर तय की गई है, जिसमें दोनों पक्षों की बहस होगी।
पीड़िता ने अपने बयान में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस द्वारा दाखिल क्लोजर रिपोर्ट के बाद अब यह सुनवाई दोनों पक्षों के तर्कों के साथ आगे बढ़ेगी, जिससे मामले में नए मोड़ आने की संभावना है।
पीड़िता ने क्लोजर रिपोर्ट पर जताई थी आपत्ति
पिछली सुनवाई में पीड़िता की ओर से दायर आपत्तियों में आरोप लगाया गया था कि—
- जांच प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही
- पीड़िता के बयान और पक्ष को पर्याप्त रूप से नहीं सुना गया
- मामले से जुड़े तथ्यों का सही ढंग से परीक्षण नहीं किया गया
शनिवार को पुलिस ने इन सभी आपत्तियों पर अपना जवाब कोर्ट में दाखिल किया, जिसके बाद न्यायालय ने आगे की बहस के लिए नई तारीख निर्धारित की।
2024 में दर्ज कराया था मामला
दिल्ली निवासी पीड़िता ने 13 दिसंबर 2024 को कसौली थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।
2023 की घटना, साक्ष्यों के अभाव में आई थी क्लोजर रिपोर्ट
मामला जुलाई 2023 की कथित घटना से जुड़ा है। पुलिस की जांच में पर्याप्त साक्ष्य न मिलने के कारण क्लोजर रिपोर्ट (सीआर) अदालत में पेश की गई थी। उस समय पीड़िता दो बार निर्धारित तिथियों पर कोर्ट में उपस्थित नहीं हुई, जिसके बाद सीआर स्वीकार कर ली गई।
बाद में पीड़िता ने इस निर्णय को चुनौती देते हुए सोलन सत्र न्यायालय में याचिका दायर की। सत्र न्यायालय ने मामले को पुनः कसौली अदालत में भेज दिया, जहाँ पिछले कई महीनों से लगातार सुनवाई जारी है।