भिवानी। भिवानी जिले के सिवानी क्षेत्र के तलवानी गांव में रविवार को एक यादगार और अनोखी शादी विदाई का दृश्य देखने को मिला। ममता वर्मा ने अपने पति हितेश वर्मा के साथ हेलिकॉप्टर में बैठकर शादी के बाद विदाई ली और अपने लंबे समय के सपने को साकार किया।
विवाह समारोह तलवानी गांव में संपन्न हुआ। ममता वर्मा, तलवानी निवासी सिंह भाटीवाल और सुमित्रा देवी की पुत्री हैं। उनके पति हितेश वर्मा राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के ढाणी राईकान निवासी दौलतराम सिंहमार और निर्मला देवी के पुत्र हैं।
ममता के चाचा जागेराम वर्मा ने बताया कि दंपति का सपना था कि शादी के बाद विदाई हेलिकॉप्टर से हो। इस विशेष आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक अनुमति प्राप्त की गई। दोनों एमबीए पास हैं और वर्तमान में हैदराबाद की एक कंपनी में काम कर रहे हैं।
तलवानी गांव में यह पहली बार हुआ कि किसी बेटी की विदाई हेलिकॉप्टर से की गई। इस अनोखी विदाई को देखने के लिए हजारों ग्रामीणों ने गांव के मैदान में इकट्ठा होकर इस खास मौके का हिस्सा बने। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।