कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के शुभारंभ के दौरान एक असमंजसपूर्ण स्थिति देखने को मिली, जब हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के काफिले में शामिल होने में चूक गए। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुए गाड़ियों के काफिले को रोकने के लिए विज हाथ से इशारा करते रहे, लेकिन काफिला लगातार चलता रहा।
कुछ देर बाद सांसद नवीन जिंदल की गाड़ी को रुकवाया गया, जिसमें अनिल विज बैठकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। जानकारी के अनुसार, समारोह में आते समय विज रक्षा मंत्री के साथ थे, लेकिन वापसी में गाड़ी में बैठने का मौका चूक जाने के कारण उन्हें ब्रह्म सरोवर पर सड़क किनारे खड़े होकर गुजरती गाड़ियों को रोकना पड़ा।
इस महोत्सव में 25 नवंबर को ज्योतिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित कार्यक्रम में शामिल होंगे। ज्योतिसर में 155 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें डेढ़ लाख से अधिक संगत के आने की संभावना है। आयोजकों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।