जोहानिसबर्ग I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात कर व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरिक्ष, रक्षा और सुरक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। यह बैठक जोहानिसबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई।
दोनों नेताओं ने आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक लगाने के लिए भारत-इटली संयुक्त पहल को अपनाया, जो आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
बैठक के बाद सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ अत्यंत उपयोगी बातचीत हुई। भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी तेजी से मजबूत हो रही है, जिससे दोनों देशों के नागरिकों को लाभ मिल रहा है।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, चर्चा में व्यापार, निवेश, एआई, रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष, अनुसंधान, नवाचार और संस्कृति जैसे विविध क्षेत्रों में संबंधों को और गहरा करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29 की प्रगति पर संतोष प्रकट किया, जो दोनों अर्थव्यवस्थाओं एवं नागरिकों के लिए लाभकारी होगी।
जायसवाल ने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मेलोनी ने 2026 में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले एआई समिट के लिए पूरा समर्थन व्यक्त किया।