Mandi, Dharamveer-:मंडी में प्रस्तावित इनडोर स्टेडियम को लेकर सियासत लगातार गर्मा रही है। भाजपा विधायक अनिल शर्मा द्वारा हाल ही में यह घोषणा किए जाने के बाद कि इनडोर स्टेडियम अब पड्डल ग्राउंड के बजाय रघुनाथ का पधर में बनाया जाएगा, इस मुद्दे पर नया विवाद खड़ा हो गया है। पन्नालाल रक्षा मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश कपूर ने एक बार फिर विधायक के फैसले पर गंभीर सवाल उठाए हैं और जमीन चयन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
राजेश कपूर ने मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि रघुनाथ का पधर में जो भूमि चिन्हित की गई है, वह नदी के बिल्कुल समीप है। एनजीटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार ऐसी संवेदनशील लोकेशनों पर किसी भी तरह का बड़ा निर्माण कार्य संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अनिल शर्मा बिना पर्याप्त सर्वे और नियमों का पालन किए जनता को सिर्फ भ्रमित कर रहे हैं। कपूर के मुताबिक, इनडोर स्टेडियम को लेकर हर बार अलग-अलग घोषणाएं की जा रही हैं, जिससे जनता के मन में शंका पैदा होना स्वाभाविक है।
राजेश कपूर ने कहा कि पड्डल ग्राउंड की भूमि को खेल विभाग के नाम करना भी गलत कदम है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले इसी पड्डल मैदान में इनडोर स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव आया था, लेकिन स्थानीय लोगों के भारी विरोध को देखते हुए इस विचार को वापस लेना पड़ा। पड्डल ग्राउंड मंडी शहर का सार्वजनिक और सांस्कृतिक केंद्र है, जहां पर कंक्रीट की संरचना खड़ी करना जनहित के खिलाफ है।कपूर ने सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में पड्डल में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करने की कोशिश की जाती है, तो उसका सबसे पहला विरोध वे स्वयं करेंगे—यहां तक कि बुलडोजर चलाने की नौबत आई तो वह सबसे पहले उन पर चलाया जाए।उ
न्होंने विधायक अनिल शर्मा से मांग की कि रघुनाथ का पधर में चिन्हित भूमि की स्थिति, कानूनी स्थिति और निर्माण की वास्तविक संभावनाओं को लेकर सार्वजनिक रूप से स्पष्ट बयान दें, ताकि जनता को सच्चाई का पता चल सके।