शेखपुरा | बिहार के शेखपुरा जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। शेखपुरा–सिकंदरा हाइवे पर सीएनजी ऑटो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
घटना नगर थाना क्षेत्र के एकसारी बीघा और कंबलगढ़ गांव के बीच हुई। ऑटो में सवार सभी यात्री चेवाड़ा की ओर से शेखपुरा आ रहे थे, जबकि ट्रक शेखपुरा से चेवाड़ा की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की अचानक जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।M घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान शुरू, तीन की पहचान हुई
मृतक यात्रियों में टुनटुन यादव की पत्नी आशा देवी उर्फ सीमा देवी (56) और उनके बेटे राहुल कुमार शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान राजकुमार साव, निवासी धमसेना (थाना करंडे, शेखपुरा) के रूप में हुई है। अन्य शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम किया
दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने जाम हटाने और स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।