जुलाना | जुलाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव के शहीद सिपाही जिले सिंह की पत्नी रामवती को राज्य सरकार की ओर से विशेष सम्मान दिया जा रहा है। उन्हें 29 नवंबर को हिसार कैंट में आयोजित होने वाले कार्यक्रम ‘चाय पर चर्चा’ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात के लिए आमंत्रित किया गया है। 87 वर्षीय रामवती को मिला यह निमंत्रण पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
1965 युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए थे सिपाही जिले सिंह
जानकारी के अनुसार, जिले सिंह वर्ष 1963 में जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। 1965 में भारत-पाक युद्ध के दौरान उन्होंने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उसी बलिदान को याद करते हुए यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जुलाना क्षेत्र की चार महिलाएं होंगी शामिल
इस कार्यक्रम में जुलाना खंड की चार महिलाओं—शामलों कलां, पड़ाना, बीबीपुर और राजगढ़ गांव से प्रतिनिधियों को आमंत्रण मिला है। पूर्व सैनिक वेल्फेयर संगठन के उपप्रधान नरेंद्र लाठर ने बताया कि पहली बार प्रदेश का मुख्यमंत्री पूर्व सैनिकों के परिवारों से सीधे संवाद करेगा। इसे एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
परिवार में खुशी की लहर
शहीद की पोती प्रीति ने बताया कि दादी का मुख्यमंत्री और आर्मी कमांडर से मिलना परिवार और गांव दोनों के लिए गर्व का क्षण है। गांव में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शहीद परिवारों को इस तरह सम्मान देना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है।