Bilaspur, Subhash-:उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर को और अधिक आकर्षक, आधुनिक तथा भक्तों के अनुकूल बनाने के लिए मंदिर न्यास प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। ऐतिहासिक कृपालु कुंड के व्यापक सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावित कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है। यह कुंड न केवल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, बल्कि श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का भी प्रतीक माना जाता है।
नई योजना के तहत कृपालु कुंड में माँ महिषासुर मर्दिनी की एक विशाल एवं भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो पूरे क्षेत्र के आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक सशक्त बनाएगी। यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए केंद्र-बिंदु बनेगी और सौंदर्यीकरण परियोजना का मुख्य आकर्षण होगी। इसके साथ ही कुंड के आसपास अत्याधुनिक लेज़र शो की व्यवस्था की जाएगी, जो विशेषकर रात के समय भक्तों और पर्यटकों के लिए एक अद्भुत अनुभव प्रदान करेगा।कुंड के ऊपरी हिस्से को चारों ओर से कवर कर सुरक्षित और सुंदर परिक्रमा पथ तैयार किया जाएगा, जिससे भक्त सुविधाजनक तरीके से परिक्रमा कर सकेंगे और कुंड के दिव्य स्वरूप का आनंद ले सकेंगे। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा यह क्षेत्र भक्तों को शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा और मनोहर दृश्य का अनोखा संगम प्रदान करेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुंड परिसर के समीप एक आकर्षक पार्क विकसित करने की योजना भी शामिल है। पार्क में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होगी, जिससे भक्त विश्राम कर सकें और शांत वातावरण में कृपालु कुंड की सुंदरता को निहार सकें।मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम नयनादेवी धर्मपाल चौधरी ने बताया कि पूरे नयनादेवी क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देने के लिए फसाड लाइटिंग लगाई जाएगी। इससे रात के समय पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा और धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुँचानें में मदद मिलेगी।