Chintpurni,Vikas –विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुगम दर्शन पास बनवाने के लिए लाइन में खड़ा एक श्रद्धालु अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। यह घटना लिफ्ट के पास बनी सुगम पास एंट्री लाइन में हुई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से लोगों में घबराहट फैल गई।
इसी दौरान मौके पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड इंचार्ज सरदार पूर्ण सिंह ने स्थिति को तुरंत संभालते हुए बिना समय गंवाए बेहोश श्रद्धालु को प्राथमिक सहायता देना शुरू किया। उन्होंने तुरंत CPR देना आरंभ किया और करीब दस मिनट तक लगातार प्रयास करते रहे। उनकी त्वरित प्रतिक्रिया रंग लाई और कुछ ही देर बाद श्रद्धालु ने धीरे-धीरे होश में आना शुरू कर दिया। उनकी सतर्कता से बड़ा हादसा होने से टल गया।श्रद्धालु के होश में आने के बाद भी पूर्ण सिंह रुके नहीं। उन्होंने तुरंत मंदिर अधिकारी की गाड़ी मंगवाकर उसे चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचवाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार अब श्रद्धालु की हालत पूरी तरह स्थिर है और उसे किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की तेज कार्रवाई एक बार फिर यह साबित करती है कि समय पर दिया गया CPR किसी व्यक्ति की जान बचाने में कितना महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। यदि होमगार्ड इंचार्ज समय रहते CPR न देते, तो स्थिति गंभीर रूप ले सकती थी।मंदिर प्रशासन, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने होमगार्ड इंचार्ज सरदार पूर्ण सिंह की बहादुरी, मानवता और तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।