चंडीगढ I इनेलो के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। चौटाला ने दावा किया है कि उन्हें पिछले दो वर्षों से लगातार अज्ञात व्यक्तियों, विदेशी नंबरों और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
याचिका में बताया गया है कि 15 जून 2023 से 15 जुलाई 2025 तक कई बार फोन कॉल और व्हाट्सऐप संदेशों के ज़रिए धमकियां दी गईं। कॉल करने वालों ने यह कहते हुए चौटाला को चेतावनी दी कि यह उनकी “आखिरी वार्निंग” है तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी गई।
अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतें देने के बावजूद राज्य सरकार ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी। इसके साथ ही याचिका में सत्तारूढ़ दल से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दायर याचिका में नफे सिंह राठी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए चौटाला ने आशंका जताई कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोहों और राजनीतिक विरोधियों की संभावित भूमिका हो सकती है।
अभय चौटाला ने हाईकोर्ट से आग्रह किया है कि—
- उन्हें 24 घंटे Z+ या Z श्रेणी की केंद्रीय सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए,
- सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी केंद्रीय एजेंसी करे,
- और मिली धमकियों की जांच केंद्रीय स्तर पर की जाए।
हाईकोर्ट इस याचिका पर जल्द सुनवाई करेगा।