Shimla, Sanju-:शिमला के लक्कड़ बाज़ार क्षेत्र में सोमवार को उस समय हंगामा मच गया जब नगर निगम की टीम हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना करते हुए अवैध रूप से सड़क किनारे बैठे तहबाज़ारियों का सामान ज़ब्त करने पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही तहबाज़ारियों और निगम कर्मचारियों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।
तहबाज़ारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की और बिना नोटिस उनके सामान को उठाया गया।उनका कहना है कि वे सालों से यहां दुकानें लगा रहे हैं और निगम की अचानक की गई सख्ती से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे हटाने और भीड़-भाड़ कम करने के लिए यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि विरोध के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की, जिसके चलते संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई जाएगी। बताया गया कि पिछले दिनों माल रोड पर भी निगम अधिकारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिससे सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।