अंबाला | हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा दिए गए SIR संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ममता बनर्जी ने दावा किया था कि SIR के डर से कई लोगों ने आत्महत्या की है।
अनिल विज ने इस बयान को “भ्रामक और झूठा प्रचार” बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी विफलताओं और कमजोरियों को छिपाने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही हैं।
विज ने कहा, “SIR का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में वही लोग शामिल हों जो भारत के नागरिक हैं। जो व्यक्ति अब देश में नहीं है या अब इस दुनिया में नहीं है, उसका नाम हटाने का विरोध क्यों किया जा रहा है?”
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि अगर किसी व्यक्ति का नाम कानूनी रूप से हटाया जा रहा है, तो इससे विरोध करने वालों को परेशानी क्यों है? विज के अनुसार, SIR का विरोध करने वाले “भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ” लेना चाहते हैं।
मंत्री ने कहा कि देश और संविधान दोनों ही यह स्पष्ट करते हैं कि मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को ही होना चाहिए। इसलिए, SIR के दिशानिर्देशों का पालन करवाना जरूरी है ताकि मतदाता सूची शुद्ध और पारदर्शी बनी रहे।