पंचकूला | पंचकूला पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय वीजा धोखाधड़ी रैकेट का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि गिरोह फिनलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इटली के फर्जी वर्क वीजा देने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अब तक आठ युवकों से करीब 48 लाख रुपये ठग चुका था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 40 पासपोर्ट, फिनलैंड के 4 फर्जी टीआरसी कार्ड, 6 चेकबुक, कई नकली मुहरें, 10 एटीएम कार्ड और 6.75 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा संबंधित बैंक खातों में मौजूद 4 लाख रुपये को भी फ्रीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने बेरोजगारी और विदेश जाने की चाहत का फायदा उठाकर युवाओं को वीजा प्रक्रिया के नाम पर फंसाया। मामले में विभिन्न राज्यों में छापेमारी की गई, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।