Shimla, Sanju-:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 13 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे के पास बनने वाले भाजपा के नए कार्यालय की आधारशिला रखेंगे। पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें और संबोधन भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। भाजपा प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने बताया कि नड्डा का दौरा 12 या 13 दिसंबर को प्रस्तावित है और अंतिम कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर बिहार चुनाव में भाजपा की जीत के लिए नड्डा को बधाई भी दी जाएगी।
कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए संदीपनी भारद्वाज ने धारा 118 में संशोधन के प्रयास को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार ने हिमाचल की भूमि को बाहरी लोगों की अनियंत्रित खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए यह प्रावधान बनाया था। सरकार यदि इसमें छेड़छाड़ करती है तो भाजपा इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि धारा 118 हिमाचल की पहचान, हित और सांस्कृतिक संरचना से जुड़ा कानून है, जिसका कमजोर होना प्रदेश के लिए नुकसानदेह होगा।
भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भी निशाना साधा। संदीपनी ने कहा कि सामाजिक प्रतिक्रिया और हिंदू समुदाय की भावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री को अपने पुराने बयान से पीछे हटना पड़ा। अब वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे हैं, जबकि पहले उन्होंने बच्चों द्वारा राधे-राधे कहने पर नमस्कार करने की बात कही थी। उन्होंने इसे “सनातन की शक्ति” और प्रदेश की आस्थाओं का सम्मान बताया। संदीपनी ने कहा कि यह बदलाव हिमाचल की 97 प्रतिशत हिंदू आबादी की भावनाओं की जीत है।