Shimla, Sanju-:कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने पदभार संभालते ही संगठन को गति देने के प्रयास तेज कर दिए हैं। सोमवार को उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ पहली औपचारिक बैठक की। इससे पूर्व सुबह उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिमला में विस्तृत चर्चा की। बताया जा रहा है कि यह बैठकें संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने को लेकर अहम रहीं।
विनय कुमार ने बैठक में कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उनका कहना था कि आपदा की विभीषिका और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने कई सराहनीय फैसले लिए हैं। कांग्रेस की चुनावी गारंटियों में से पांच से छह को पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष वादों को आगामी दो वर्षों में पूरा कर दिया जाएगा।उन्होंने स्वीकार किया कि लंबे समय से संगठनात्मक ढांचा कमजोर होने के कारण कार्यकर्ताओं में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिख रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए वह बुधवार से प्रदेशभर के दौरे पर निकलेंगे। विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में कई इकाइयों का गठन किया जाएगा और अगले तीन महीनों के भीतर संगठन निर्माण की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष आरोप लगाने तक सीमित है, जबकि आपदा के समय किसी प्रकार का सहयोग नहीं दिया गया। प्रदेश सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद राहत व पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया, परंतु केंद्र सरकार की ओर से किसी प्रकार की मदद नहीं मिली।