कुरुक्षेत्र | जिले में धान घोटाले की जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद 6 मार्केट कमेटियों के सचिवों को चार्जशीट कर दिया गया है। चार्जशीट किए गए सचिवों में थानेसर के हरजीत सिंह, पिहोवा के बलवान सिंह, शाहाबाद के कृष्ण मलिक, पिपली के गुरमीत सिंह, इस्माइलाबाद के चंद्र सिंह और लाडवा के संत कुमार शामिल हैं।
जांच टीम ने SP कुरुक्षेत्र को निर्देश दिए हैं कि संबंधित कमेटियों के IP एड्रेस की साइबर सेल से विस्तृत जांच करवाई जाए। इसके अलावा DFSC विभाग से गेट पास रिकॉर्ड, डेटा, गेट कीपर आईडी और लॉगिन विवरण मांगा गया है।
सूत्रों के अनुसार, सचिवों पर आरोप है कि उन्होंने मिलर्स को गेट पास अवैध रूप से जारी करने के लिए अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए, जिससे किसानों को नुकसान हुआ। किसानों ने भी कई बार फर्जी गेट पास बनाए जाने की शिकायतें सरकार और प्रशासन तक पहुंचाई थीं।
इस्माइलाबाद के पूर्व सचिव चंद्र सिंह ने आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि IP एड्रेस जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन पासवर्ड साझा करने का आरोप निराधार है। उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान सिस्टम फेल होने पर कई बार मोबाइल के माध्यम से गेट पास जारी किए जाते हैं।
मामले की जांच अभी जारी है और प्रशासन ने इस पर आधिकारिक बयान देने से फिलहाल परहेज़ किया है। जिले में किसानों और अधिकारियों के बीच यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है, और आने वाले दिनों में इसकी विस्तृत जांच होने की संभावना है।