जालंधर | जालंधर के पॉश इलाके गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू में गलियों व सड़कों पर बिना अनुमति लगाए गए गेटों पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। बिल्डिंग विभाग की टीम ने अवैध रूप से स्थापित इन गेटों के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए उन्हें सीधे संबंधित स्थानों पर चस्पां भी किया है।
निगम की ओर से दिए गए नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि ये सभी गेट पूरी तरह अवैध हैं और इनके लिए नगर निगम से कोई अनुमति नहीं ली गई। निवासियों को निर्देश दिया गया है कि यदि उनके पास किसी भी प्रकार की अनुमति या स्वीकृति है, तो उसकी प्रति तीन दिनों के भीतर नगर निगम कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करवाएं।
नगर निगम ने चेतावनी देते हुए कहा है कि तय समय सीमा के भीतर अनुमति प्रस्तुत न करने पर नगर निगम एक्ट के तहत अवैध गेटों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह कालोनी निवासियों की होगी। निगम की इस सख्त कार्रवाई ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है और अनुमान है कि आने वाले दिनों में इस मामले में आगे की कार्यवाही शुरू हो जाएगी।