बहादुरगढ़ | बहादुरगढ़ में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जान ले गया। सोमवार देर रात बालौर बाईपास फ्लाईओवर के पास एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटी सवार स्विमिंग कोच नवनीत खत्री की मौके पर ही मौत हो गई।
नवनीत खत्री मूल रूप से बहादुरगढ़ के कुलासी गांव के निवासी थे और फिलहाल अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते थे। वह दिल्ली के शिक्षा विभाग में बतौर तैराकी कोच कार्यरत थे और बहादुरगढ़ की एचएल सिटी में भी कई तैराकों को प्रशिक्षण दे चुके थे। उनके मार्गदर्शन में तैयार हुए कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार नवनीत रात को बजघेड़ा में कोचिंग देने और उसके बाद एचएल सिटी में अभ्यास करवाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी दूर तक घिसटती चली गई और नवनीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ भिजवा दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी देकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। नवनीत खत्री की असमय मौत से तैराकी जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।