जन संकल्प सम्मेलन के लिए तैयार मंडी पुलिस का नया ट्रैफिक प्लान
Mandi, Dharamveer-:11 दिसंबर को मंडी के पड्डल मैदान में होने वाले जन संकल्प सम्मेलन को देखते हुए मंडी पुलिस ने पूरे शहर के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि सम्मेलन के दिन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध खलियार, बिंद्रावणी, चक्कर और तल्याहड़ की ओर से आने वाले बड़े वाहनों पर लागू होगा।
शहर में वन-वे ट्रैफिक सिस्टम रहेगा एसा
सम्मेलन के कारण शहर में वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया गया है। तल्याहड़ से मंडी बस स्टैंड की ओर आने वाली बसें सन्यारडी बाईपास–कैहनवाल चौक–पुलघराट मार्ग से एकतरफा चलेंगी, जबकि मंडी से तल्याहड़ जाने वाली बसें स्कोडी ब्रिज–जेल रोड मार्ग से होकर जाएंगी। छोटे वाहनों को सामान्य आवाजाही की अनुमति रहेगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मंडी बस स्टैंड के बाहर टैक्सी और ऑटो पार्किंग सम्मेलन वाले दिन प्रतिबंधित रहेगी। सभी एलएमवी (लाइट मोटर वाहन) के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 1,000 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। इनमें निशुल्क और सशुल्क दोनों प्रकार की पार्किंग उपलब्ध रहेगी।
सम्मेलन में आने वाली बसों के लिए अलग-अलग ड्रॉपिंग और पार्किंग स्थान निर्धारित किए गए हैं। बिलासपुर-सुंदरनगर रूट की बसें चक्कर से होटल वैली व्यू (ओल्ड एनएच-21) होते हुए पड्डल मैदान के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद ये बसें बिंद्रावणी से यू-टर्न लेकर मलोरी टनल के आगे फोरलेन पर पार्क होंगी।कुल्लू-मनाली और पंडोह रूट की बसें आईएसबीटी मंडी के पास यात्रियों को उतारेंगी और फिर पुलघराट–सब्जी मंडी–मलोरी टनल मार्ग से होकर बिंद्रावणी के आगे पार्क की जाएंगी। इसी तरह जोगिंद्रनगर और पधर रूट की बसें आईएसबीटी मंडी के पास यात्रियों को उतारने के बाद विक्टोरिया ब्रिज के पास नदी किनारे बनी पार्किंग में खड़ी की जाएंगी।
शहर में कई मार्गों पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। गांधी चौक से विक्टोरिया ब्रिज तक का मार्ग केवल एलएमवी वाहनों के लिए एकतरफा रहेगा। वहीं दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इस पर छूट दी गई है। विक्टोरिया ब्रिज की ओर से आने वाले वाहनों को पुरानी मंडी रोड से भेजा जाएगा। इसके अलावा आईटीआई चौक से मार्केट–ओल्ड सुकेती पुल तक भी वन-वे रहेगा। मार्केट से आईटीआई चौक होते हुए न्यू सुकेती ब्रिज की ओर जाने वाला मार्ग भी एकतरफा रहेगा।पुलघराट–सब्जी मंडी–मलोरी सड़क पर बसें और भारी वाहन केवल मलोरी की दिशा में वन-वे चलेंगे, जबकि छोटे वाहनों को जरूरत के अनुसार प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
एसपी साक्षी वर्मा ने दी ये जानकारी एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि सम्मेलन समाप्त होने के बाद जनता को बसों में चढ़ाने के लिए स्पॉट निर्धारित किए गए हैं। बिलासपुर-सुंदरनगर रूट वाले यात्री पुलघराट के पास, कुल्लू व पंडोह रूट के यात्री भ्यूली क्षेत्र से, जबकि जोगिंद्रनगर और पधर रूट वाले यात्री विक्टोरिया ब्रिज के पास रिवर बेड पार्किंग से बसों में चढ़ाए जाएंगे।उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी और लोगों से अपील की गई है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें ताकि ट्रैफिक व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए।