नई दिल्ली | बुधवार (10 दिसंबर) को घरेलू वायदा बाजार में सोने के भाव में गिरावट देखने को मिली, जबकि चांदी की कीमतें ऐतिहासिक उच्च स्तर पर पहुंच गईं। खबर लिखे जाने तक सोने का वायदा भाव 1,29,974 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, वहीं चांदी 1,90,000 रुपए प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी: Comex में सोने और चांदी के वायदा भाव भी मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं। सोने का भाव 4,239.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी का भाव 61.43 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी ने इस दौरान 62.02 डॉलर का ऐतिहासिक उच्च स्तर भी छुआ।
सर्राफा बाजार की स्थिति: मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में लगभग 1,000 रुपए की गिरावट आई और यह 1,31,600 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। इसी तरह चांदी का भाव भी 4,500 रुपए घटकर 1,80,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गया।
विश्लेषकों की राय: एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, सोने का कारोबार सीमित दायरे में रहा। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी नीतिगत बैठक के फैसले से पहले निवेशक सतर्क बने रहे। उन्होंने बताया कि बाजार प्रतिभागियों की निगाहें अब फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल की टिप्पणियों और ब्याज दर से जुड़ी नीतिगत घोषणाओं पर टिकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय हाजिर सोना और चांदी: वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 14.83 डॉलर की तेजी के साथ 4,205.57 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं हाजिर चांदी का भाव 0.75 प्रतिशत बढ़कर 58.59 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।