टोहाना। टोहाना के नेशनल हाईवे 148 बी पर देर रात एक डंपर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जब चालक ने बेसहारा पशु को बचाने की कोशिश की। यह हादसा चंडीगढ़ रोड स्थित हर्बल पार्क के सामने हुआ, जिसमें डंपर को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों का संचालन किया और ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखा। पुलिस टीम का नेतृत्व इंचार्ज करमचंद ने किया। झज्जर निवासी डंपर चालक रघुवीर ने बताया कि वह पंजाब के तलवंडी से फ्लाई ऐश (राख) लेकर राजस्थान जा रहा था। अचानक एक बेसहारा पशु सड़क पर आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।
रघुवीर ने यह भी बताया कि सड़क पर कोई साइन बोर्ड नहीं होने के कारण वाहन फुटपाथ पर चढ़ गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। डंपर में 38 टन राख लदी हुई थी, जिसे अब अन्य वाहन की मदद से गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
हादसे के बाद रघुवीर ने यह भी बताया कि देर रात एक अज्ञात व्यक्ति उसके मालिक से फोन पर बात करने का बहाना बनाकर उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
टोहाना पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और वाहनों की लोडिंग एवं साइनबोर्ड का ध्यान रखने की अपील की है।