गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से विदेशी शराब स्टॉक करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सिग्नेचर टावर स्थित एक शराब दुकान के मालिक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे वाली दुकान से करीब 4,000 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारनौल के गुरु नानक मोहल्ला निवासी अंकुश गोयल के रूप में हुई है। उसे राजस्थान के झुंझुनू से दबोचा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंकुश गोयल शराब दुकान के तीन साझेदारों में से एक है और दुकान में उसकी हिस्सेदारी है। बरामद की गई विदेशी शराब उसी और उसके एक अन्य पार्टनर की मिलीभगत से दुकान में स्टोर की गई थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही दुकान के मैनेजर को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसे फिलहाल पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने फरार चल रहे मालिक को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब दुकान तक कैसे पहुंची, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही और क्या इस नेटवर्क में अन्य आरोपी भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अंकुश गोयल को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि अवैध शराब कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।