अमृतसर। पंजाब में स्कूलों को सीरियल ब्लास्ट की धमकी भरे ई-मेल के बाद हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं और पुलिस ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में धमकी का खालिस्तान संगठन से संबंध सामने आया है।
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों को तुरंत बंद करने का आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही कुछ परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं, जिनकी नई तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि सभी स्कूल सुरक्षित हैं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। कई स्कूलों का निरीक्षण किया गया, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि इससे पहले भी ऐसे ईमेल कई बार छात्रों की शरारत साबित हुए हैं, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है और हालात पूरी तरह नियंत्रित हैं।
अमृतसर के डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।