हांसी | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी में आयोजित विशाल विकास रैली के दौरान क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाने की औपचारिक घोषणा की। वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा किए जाने के इस ऐलान के बाद हांसी और आसपास के इलाकों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री के इस फैसले को क्षेत्र के प्रशासनिक और विकासात्मक भविष्य के लिए अहम माना जा रहा है।
विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने 77 करोड़ रुपये से अधिक लागत की तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य हांसी क्षेत्र में जल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करना है, जिससे आमजन, किसानों और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने 61 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बरवाला ब्रांच से हांसी शहर के लिए प्रस्तावित जल प्रबंधन परियोजना का शिलान्यास किया। इस योजना के पूरा होने से हांसी शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी। इसके साथ ही ढंढेरी गांव में 7.42 करोड़ रुपये की लागत से बने 33 केवी बिजली सब स्टेशन का उद्घाटन किया गया।
इसके अलावा लोहारी राघो गांव में 8 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से तैयार 33 केवी क्षमता वाले बिजली सब स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। इन दोनों सब स्टेशनों के चालू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी और कटौती की समस्या से राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 17 अगस्त 2024 को अनाज मंडी में आयोजित जन आशीर्वाद रैली के दौरान हांसी को पूर्ण जिला बनाने का वादा किया था। हांसी को जिला बनाने की मांग पिछले 12 वर्षों से उठती रही है। वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हांसी को पुलिस जिला घोषित किया था, जिसके बाद यहां पुलिस अधीक्षक की तैनाती हुई, लेकिन पूर्ण राजस्व जिला बनने की मांग लंबित थी।
इस मौके पर सफीदो विधायक रामकुमार गौतम ने भी संबोधन में कहा कि उन्होंने कभी किसी समाज के खिलाफ नहीं सोचा और वे जातिवाद फैलाने वालों के खिलाफ हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि नायब सिंह सैनी बिना भेदभाव के सबका विकास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के साथ ही हांसी को जिला बनाए जाने की दिशा में अब औपचारिक प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और विकास को नई गति मिलेगी।