यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में उमा हत्याकांड में आरोपी बिलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड उमा की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया और निकाह की तैयारियों में जुट गया था। हरियाणा पुलिस की सीआइए टू टीम ने हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर मृतका का सिर, शॉल और कपड़े बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया कि सहारनपुर के हलालपुर निवासी 30 वर्षीय उमा और बिलाल दो साल से लिव इन में रह रहे थे। बिलाल की शादी 14 दिसंबर को रूड़की के गांव लंढौरा में तय थी। उमा ने बिलाल की शादी का विरोध किया, जिससे नाराज होकर उसने निर्ममता से हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, बिलाल ने छह दिसंबर की रात उमा को पांवटा साहिब ले गया और हाईवे पर सीट बेल्ट ठीक करने के बहाने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर नर्सरी में ले गया और चाकू से सिर अलग कर दिया। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई।
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर आठ दिन का रिमांड लिया गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और पूछताछ के जरिए पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। घटना के बाद बिलाल पूरी रात कार में घूमता रहा और सुबह निकाह की तैयारियों में जुट गया।
हरियाणा पुलिस ने कहा कि ऐसे घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सीमा पार अपराधों पर नियंत्रण के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।