पानीपत | पानीपत के सेक्टर-25 में मंगलवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। यहां एक फैक्ट्री के हिस्से की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में फंसे चारों मजदूरों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार मजदूरों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि संबंधित फैक्ट्री टेक्सटाइल कारोबारी अभिनव की है, जिन्होंने करीब दो महीने पहले ही इस फैक्ट्री को खरीदा था। फिलहाल फैक्ट्री में निर्माण और मरम्मत का कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि छत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।