Shimla, Sanju-:नेशनल हेराल्ड मामले में सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने राहत देने वाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी भी तरह से भ्रष्टाचार से जुड़ा नहीं है, बल्कि एक निजी शिकायत के आधार पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को राजनीतिक रूप से परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है।
नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को जानबूझकर निशाना बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण का इस्तेमाल केवल राजनीतिक बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने नहीं आया है।
प्रधान मीडिया सलाहकार ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी संवैधानिक एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार की नीतियों का विरोध करता है, उसके खिलाफ इन एजेंसियों को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इस लड़ाई को लड़ रही है और सच्चाई अंततः सामने आएगी।उन्होंने कहा कि देश में विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का सहारा लेना लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है। कांग्रेस इस तरह के दबाव से डरने वाली नहीं है और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
वहीं दूसरी ओर, मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के प्रस्ताव पर भी नरेश चौहान ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) यूपीए सरकार के पहले कार्यकाल में वर्ष 2006 में लागू किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराना था। इस योजना से करोड़ों लोगों को आजीविका का सहारा मिला है।
नरेश चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार का इस योजना का नाम बदलने का विचार उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार बहुमत के बल पर किसी भी विधेयक को पारित कर पूर्व सरकारों की योजनाओं की पहचान मिटाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का नाम बदलने के बजाय उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जाना चाहिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनता से जुड़ी योजनाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।