कोट सद्दीक I वेस्ट हलके में लगातार बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं से इलाके के लोग डर और दहशत में हैं। ताजा मामला थाना भार्गव कैंप के अंतर्गत आने वाले कोट सद्दीक इलाके का है, जहां गन पॉइंट लूट की वारदात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, इलाके की अहाते के साथ स्थित एक मीट की दुकान पर लुटेरे ग्राहक बनकर पहुंचे। पहले उन्होंने सामान के दाम पूछे और फिर अचानक पिस्तौल दिखाकर दुकानदार से 8 हजार रुपये की नकदी लूट ली। लुटेरे इसके बाद पास ही स्थित शराब के ठेके पर भी लूट की कोशिश करने लगे। बताया गया कि शराब के ठेके पर आरोपियों ने हवा में फायरिंग की, लेकिन ठेकेदार हनी ने शोर मचाकर उन्हें भगाया। इस वजह से शराब ठेके पर कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मीट की दुकान से लुटेरे नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर भेजा गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
घटना के बारे में शराब ठेकेदार हनी ने बताया कि लुटेरे पहले बोतलों के दाम पूछ रहे थे, जिससे उन्हें शक हुआ। शक होने पर उन्होंने जोर से शोर मचाया, जिस पर लुटेरे हवा में फायरिंग कर मौके से भाग निकले।