हांसी I हांसी को जिला बनाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह नोटिफिकेशन राज्यपाल की ओर से राजस्व विभाग द्वारा जारी किया गया, जिसमें राज्यपाल ने अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए हांसी को नया जिला घोषित किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 16 दिसंबर को हांसी दौरे के दौरान कहा था कि एक सप्ताह के भीतर नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा, जो अब तय समय में जारी हो चुका है।
नारनौंद उपमंडल शामिल, 23वां जिला बना हांसी
जिला गठन के तहत हांसी में नारनौंद उपमंडल को शामिल किया गया है। गौरतलब है कि 16 दिसंबर को हांसी की नई ऑटो मार्केट में आयोजित विकास रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने मंच से यह भी स्पष्ट किया था कि एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
डीसी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों की जल्द नियुक्ति
सोमवार को एक सप्ताह की अवधि पूरी होते ही हांसी को जिला बनाने की अधिसूचना जारी कर दी गई। अब हांसी में उपायुक्त (डीसी) सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों की नियुक्ति का इंतजार है। अग्रिम आदेशों तक डीसी की तैनाती को लेकर आदेश जारी होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, फिलहाल हिसार के डीसी को ही अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जा सकता है।