पंचकूला | पंचकूला के बूंगा गांव में शराब पीने से इनकार करने पर एक युवक को उसके दोस्तों ने चादर ओढ़ा कर मारपीट की और रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित संदीप सुबह लगभग 9 बजे नाई की दुकान पर बैठा था। तभी उसका दोस्त सुखविंद्र ऑटो लेकर आया, जिसमें दो और युवक मौजूद थे। सुखविंद्र ने संदीप को बहाने से अपने साथ बाहर ले जाकर शराब पीने के लिए दबाव डाला। संदीप ने मना किया, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी संदीप पर चादर डालकर उसे रोकने की कोशिश की और फिर सिर पर रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। संदीप ने बताया कि इसके बाद वहां से 7-8 अन्य युवक भी आए और उसे लाठी-डंडों से पीटने लगे। उसने बचने के लिए नाले में कूदकर अपनी जान बचाई और राजकुमार की ढाणी तक भागा।
चंडीमंदिर थाना पुलिस के जांच अधिकारी विकास ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर धारा 115(2), 117(2), 191(3), 190, 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस ने कहा “सभी आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस तरह की हिंसा की किसी भी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”