Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर जिले के लिए यह क्षण गर्व और खुशी से भर देने वाला है। राजकीय उच्च पाठशाला मझोग सुल्तानी के कक्षा छठी के छात्र पुलकित ठाकुर ने नेशनल स्कूली गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग की कुराश प्रतियोगिता में 25 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ ही पुलकित ने न केवल हमीरपुर जिले बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
यह राष्ट्रीय स्तरीय कुराश प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 16 से 20 दिसंबर तक आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच पुलकित ठाकुर ने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस ऐतिहासिक जीत के बाद शिक्षा विभाग और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।पुलकित की इस सफलता पर उपनिदेशक कार्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। इस अवसर पर स्कूल के मुख्य अध्यापक, पीटीआई, शिक्षक, अभिभावक और खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।पुलकित ठाकुर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्कूल के प्रधानाचार्य, पीटीआई, सभी अध्यापकों और प्रशिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।
हमीरपुर के एडीपीओ अश्वनी कुमार ने इस उपलब्धि को जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। वहीं उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने कहा कि पिछले कई वर्षों में अंडर-14 वर्ग में यह पहली बार है जब हिमाचल प्रदेश को स्वर्ण पदक मिला है।पुलकित ने राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र हमीरपुर के कोच दिव्या तिवारी शर्मा और संजीव सिंह के योगदान को भी सराहा। उनकी इस जीत से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है और भविष्य में हमीरपुर के खेल जगत के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं।