Shimla, 24 December-:अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा देशभर में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत हिमाचल प्रदेश में भी संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के लिए दिल्ली से विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे, जिन्होंने जिलों में जाकर जिला अध्यक्षों के चयन को लेकर विस्तृत सर्वे किया। इस सर्वे की रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को सौंप दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वे स्वयं दिल्ली रवाना हो रहे हैं और 27 दिसंबर को होने वाली महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 10 से 15 दिनों के भीतर प्रदेश के सभी जिलों में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी जाएगी। जिला स्तर पर नियुक्तियों के पूरा होते ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा और प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिससे संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने शिमला के एक अस्पताल में हाल ही में सामने आए डॉक्टर द्वारा मरीज के साथ किए गए दुर्व्यवहार के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इलाज के लिए अस्पताल आने वाला मरीज पहले से ही अस्वस्थ होता है, ऐसे में उसके साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली से लौटते ही जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
वहीं, कांग्रेस पार्टी की स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 28 दिसंबर को सोलन जिले के नालागढ़ में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में भी पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठनात्मक मजबूती और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से कांग्रेस आने वाले समय में प्रदेश में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।