चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राखीगढ़ी जाते समय जींद जिले के गांव ईंटल में अचानक रुककर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री के अप्रत्याशित दौरे से गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने गांव में मौजूद लोगों से खेती, स्थानीय सुविधाओं और रोजमर्रा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनके अनुभव सुने। मुख्यमंत्री कुछ समय तक हुक्का पी रहे ग्रामीणों के बीच भी बैठे और ग्रामीण जीवन की सादगी व आपसी भाईचारे की सराहना की।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के सामने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश देने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के समग्र विकास के साथ-साथ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का आम लोगों से सीधा संवाद ही सुशासन की नींव होता है और इसी भावना के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।