हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद स्थित नर्सिंग कॉलेज में शुक्रवार को हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब कॉलेज की छात्राओं ने मुख्य गेट पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। कॉलेज परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। छात्राएं कॉलेज प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और उनका कहना है कि इन मामलों में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नाराज छात्राओं ने कॉलेज का मेन गेट बंद कर दिया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और छात्राओं के बीच बहस हो गई।
छात्राओं का आरोप है कि पुलिस को उनकी सुरक्षा के लिए बुलाया गया था, लेकिन पुलिसकर्मी ही उनके साथ जबरदस्ती कर रहे हैं और उन्हें कॉलेज परिसर के अंदर धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कई छात्राओं ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्राओं का कहना है कि वे पिछले करीब एक महीने से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
शुक्रवार को कार्रवाई न होने से नाराज छात्राओं ने कॉलेज के गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद हालात और बिगड़ गए। पुलिस छात्राओं को हटाने की कोशिश कर रही है, जबकि छात्राएं अपने आंदोलन पर डटी हुई हैं। फिलहाल कॉलेज परिसर में तनाव बना हुआ है और स्थिति पर पुलिस व प्रशासन नजर बनाए हुए हैं।