इंडोनेशिया | इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी प्रांत की राजधानी मनाडो में रविवार रात एक नर्सिंग होम में भीषण आग लगने से कम से कम 16 लोगों की जान चली गई। यह हादसा पांती वेर्धा दमई नर्सिंग होम में हुआ, जो मनाडो के रानोमूट उप-जिले के पाल डुआ क्षेत्र में स्थित है। स्थानीय समयानुसार रात लगभग 8:36 बजे आग भड़की, जिसे तुरंत देख प्रशासन ने तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं। कड़ी मशक्कत के बाद रात 9:30 बजे आग पर काबू पाया गया।
उत्तर सुलावेसी पुलिस के जनसंपर्क प्रमुख आलमस्याह पी. हसीबुआन ने बताया कि मृतकों के शव भायंगकारा अस्पताल भेजे गए हैं और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद पुलिस ने इलाके को सुरक्षित किया और बचाव अभियान चलाया। घायलों और जीवित बचे लोगों को मनाडो सिटी रीजनल हॉस्पिटल और पर्माता बुंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन और पुलिस राहत कार्यों में जुटी हुई है और मृतकों के परिवारों से समन्वय कर राहत कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।