Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर जिला की उपतहसील भराड़ी के अंतर्गत मरहाणा पंचायत के भदरेट गांव में तेंदुओं की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। बीते कुछ दिनों से तेंदुओं का एक जोड़ा गांव के रिहायशी क्षेत्रों में खुलेआम घूमता देखा जा रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ गई है।
ताजा मामले में तेंदुओं का यह जोड़ा गांव के दो घरों की चारदीवारी लांघकर सीधे आंगन तक पहुंच गया। यह पूरी घटना घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि दोनों तेंदुए देर रात आंगन में दाखिल हुए और करीब आधे घंटे तक आसपास घूमते रहे। इस दौरान किसी प्रकार की हलचल न होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।मरहाणा पंचायत के पूर्व प्रधान पृथी चंद ने बताया कि जिन घरों में तेंदुए पहुंचे, वे देशराज और विपिन पाल के हैं। उन्होंने कहा कि यदि उस समय घर का कोई सदस्य बाहर निकल आता तो बड़ा हादसा हो सकता था। तेंदुओं की मौजूदगी से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुओं की सक्रियता के कारण शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। बच्चे अकेले स्कूल जाने से डर रहे हैं और महिलाएं मवेशियों के लिए चारा लाने में भी संकोच कर रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए।ग्रामीणों ने प्रशासन को चेताया है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोग लगातार डर के साये में जीने को मजबूर हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं।