सिरसा | जिले के नाथूसरी चौपटा खंड के खेड़ी गांव में एक बुजुर्ग दंपति द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान रामचंद्र (63) और उनकी पत्नी महेंद्रो देवी (60) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही चौपटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामचंद्र और महेंद्रो देवी अपने बेटे से अलग गांव में रहते थे। सोमवार देर शाम दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। रास्ते में महेंद्रो देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि रामचंद्र की उपचार के दौरान सिरसा के नागरिक अस्पताल में मौत हो गई।
परिवार के अनुसार, रामचंद्र के तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटियां विवाहित हैं, जबकि बेटा गांव में अलग रहता था। दंपति के इस कदम के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।