Chamba, Manjur Pathan-:चंबा जिला के तीसा खंड विकास अधिकारी कार्यालय के अंतर्गत आने वाली 53 पंचायतों में बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) सूची को लेकर इन दिनों व्यापक स्तर पर सत्यापन कार्य किया जा रहा है। पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करने और अपात्र परिवारों को सूची से बाहर करने की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से इसके लिए 31 दिसंबर की अंतिम तिथि तय की गई है, जिसके भीतर पंचायत स्तर पर गठित समितियों को अपनी रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम कार्यालय को भेजनी होगी।
जानकारी के अनुसार प्रत्येक पंचायत में गठित समिति घर-घर जाकर बीपीएल परिवारों की स्थिति की समीक्षा कर रही है। समिति यह सुनिश्चित कर रही है कि जो परिवार वास्तव में बीपीएल की पात्रता रखते हैं, उन्हें सूची में जोड़ा जाए और जो परिवार अब पात्रता की शर्तों को पूरा नहीं करते, उन्हें बीपीएल सूची से हटाया जाए। पंचायतों से प्राप्त सिफारिशों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि अंतिम सूची निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से तैयार हो सके।खंड विकास अधिकारी तीसा अरविंद कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बीपीएल सूची को लेकर सरकार गंभीर है और इसी कारण समयबद्ध तरीके से यह कार्य पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 31 दिसंबर से पहले अपनी रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम महोदय को भेजें। इसके बाद एसडीएम स्तर पर इन रिपोर्टों की समीक्षा की जाएगी और वहीं से बीपीएल की अंतिम सूची को स्वीकृति दी जाएगी।
अरविंद कुमार ने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही और वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचे। गलत तरीके से बीपीएल सूची में शामिल परिवारों के कारण कई जरूरतमंद लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं, जिसे अब दूर किया जा रहा है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और जनता से भी सहयोग की अपील की है, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके और पात्र परिवारों को समय पर बीपीएल योजनाओं का लाभ मिल सके।