नई दिल्ली। मुंबई के भांडुप (पश्चिम) रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यू-टर्न लेते समय बेकाबू हुई एक बस ने फुटपाथ पर चल रहे कई राहगीरों को कुचल दिया, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।
हादसा रात करीब 10:05 बजे उस समय हुआ, जब स्टेशन के बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, BEST की रूट नंबर 606 की बस तंग मोड़ पर यू-टर्न लेने के दौरान एक खंभे से टकरा गई और नियंत्रण खोते हुए फुटपाथ पर चढ़ गई।
यह बस विक्रोली डिपो की वेट-लीज इलेक्ट्रिक एसी बस थी, जिसे संविदा पर नियुक्त चालक चला रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने 52 वर्षीय चालक संतोष रमेश सावंत को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण मौत का मामला दर्ज किया गया है।
BEST प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश देते हुए चालक को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि चालक को बस संचालन की उचित ट्रेनिंग दी गई थी या नहीं।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं शामिल हैं, जिनकी पहचान 45 वर्षीय मानसी गुरव, 31 वर्षीय अभिनेत्री प्रणिता रसम और 25 वर्षीय सावंत के रूप में हुई है। हादसे में घायल लोगों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है।