हांसी | हरियाणा सरकार ने हांसी को हिसार जिले से अलग कर राज्य का 23वां जिला घोषित कर दिया है। ब्रिटिश काल में हांसी पहले भी जिले का दर्जा रखता था, लेकिन स्वतंत्रता के बाद यह हिसार जिले में शामिल हो गया था। नई जिले की अधिसूचना जारी होते ही प्रशासनिक नियुक्तियों की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
सरकार ने साल 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी डॉ. राहुल नरवाल को हांसी जिले का पहला डिप्टी कमिश्नर (डीसी) नियुक्त किया है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
डॉ. नरवाल वर्तमान में हरियाणा सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग में निदेशक और विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पहले फतेहाबाद और चरखी दादरी जिलों में भी डीसी के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं।
नए जिला बनने के साथ ही हांसी में प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं को शीघ्र लागू किया जाएगा। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हांसी जिला प्रशासनिक दृष्टि से प्रभावी और नागरिक सेवाओं के लिहाज से सशक्त बने।