अमृतसर | नए साल के पहले दिन अमृतसर के गोल्डन टेंपल कॉम्प्लेक्स में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। पुलिस और निहंग समुदाय ने एक युवक को पकड़ा, जिसने निहंग सिंहों का वेश धारण कर परिसर में घुसने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, युवक ने कृपाण और निहंग बाना पहन रखा था, लेकिन उसकी पोशाक पारंपरिक निहंग शिष्टाचार के अनुरूप नहीं थी। वहां मौजूद असली निहंगों ने उसे पकड़कर वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
निहंगों का दावा है कि युवक ने कृपाण दिखाकर एक महिला को धमकाने की कोशिश की और उसका फोन छीनने का प्रयास किया। यह युवक कथित तौर पर अपने 2-3 साथियों के साथ संगत में चोरी करने की योजना बना रहा था।
जब युवक से कड़ी पूछताछ की गई, तो वह निहंग परंपरा, गुरसिख रीति-रिवाज और सामान्य शिष्टाचार के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद निहंगों ने उसे उसकी गलती का एहसास दिलाने के लिए उचित कदम उठाए। पुलिस ने भी इस मामले की जानकारी ली है और युवक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।