अंबाला। जेजेपी प्रमुख अजय सिंह चौटाला के हालिया विवादित बयान को लेकर हरियाणा की राजनीति गरमा गई है। चौटाला द्वारा शासकों को सड़कों पर घसीटकर पीटने जैसे बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अनिल विज ने कहा कि अजय चौटाला के बयान से साफ झलकता है कि उनका लोकतंत्र में विश्वास खत्म हो चुका है और उन्हें अपनी ही राजनीतिक पार्टी पर भरोसा नहीं रहा।
अनिल विज ने आरोप लगाया कि अजय चौटाला युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी नेता को लगता है कि उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा, तो वह इस तरह के भड़काऊ बयान देने लगता है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है और ऐसे बयान निंदनीय हैं।
KKR में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर भी अनिल विज का बयान
इसी दौरान आईपीएल से जुड़े एक अन्य मुद्दे पर भी अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदे जाने पर आपत्ति जताई। अनिल विज ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं पर अत्याचार की खबरें सामने आ रही हैं और ऐसे देश के साथ किसी भी तरह के संबंध नहीं होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदा जाता है, तो यह अप्रत्यक्ष रूप से उस देश को आर्थिक मदद देने जैसा है, जो पूरी तरह गलत है। अनिल विज ने इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। अनिल विज के इन बयानों के बाद राजनीतिक और खेल जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।